डीजल की मार: छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ाने की मांग, रायपुर-दुर्ग और जगदलपुर रूट हो सकते हैं महंगे

रायपुर। डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब प्रदेश में बस सफर महंगा हो सकता है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराए में बढ़ोतरी की मांग करते हुए परिवहन मंत्री केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपा है। महासंघ का कहना है कि बढ़ते संचालन खर्च के कारण बस संचालकों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है।

सितंबर 2021 के बाद नहीं बढ़ा किराया

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने बताया कि प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में यात्री किराए में बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद से डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, मरम्मत और कर्मचारियों के वेतन समेत सभी खर्चों में लगातार इजाफा हुआ है, लेकिन किराया नहीं बढ़ाया गया।

15 दिनों में 4 बार बढ़े डीजल के दाम

महासंघ ने कहा कि बीते 15 दिनों में डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी हुई है। वहीं परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसे सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य किए जाने से बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

90 प्रतिशत बस संचालक आर्थिक संकट में

महासंघ का दावा है कि 11 मार्च 2025 की अधिसूचना के बाद यात्री किराए में करीब 25 प्रतिशत तक कमी की गई थी, जबकि खर्च लगातार बढ़ते गए। इससे प्रदेश के 90 प्रतिशत से ज्यादा बस संचालक आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं।

किराए में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग

यातायात महासंघ ने सरकार से सामान्य यात्री बसों के किराए में 50 प्रतिशत और डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की मांग की है। साथ ही डीजल कीमतों के आधार पर किराया तय करने के लिए स्थायी नियम बनाने की भी मांग उठाई गई है।

रायपुर-दुर्ग और जगदलपुर रूट हो सकते हैं महंगे

महासंघ के अनुसार यदि मांग मान ली जाती है तो रायपुर से जगदलपुर का वर्तमान किराया करीब 600 रुपए से बढ़कर 700 से 750 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपए से बढ़कर करीब 75 रुपए तक हो सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com