सुपौल में डीएम सावन कुमार ने की बड़ी कार्रवाई, फर्जी परिमार्जन मामले में सीओ पर प्राथमिकी दर्ज

सुपौल: सरकारी जमीन के फर्जी परिमार्जन के आरोप में सदर अंचलाधिकारी आनंद मंडल पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोप है कि उन्होंने बिहार सरकार की कीमती जमीन का अवैध तरीके से परिमार्जन कर दिया. मामला नगर क्षेत्र के खाता संख्या 458 की जमीन से जुड़ा है, जिसे सरकारी अभिलेखों में बदलाव कर निजी हित में इस्तेमाल करने की कोशिश की गई. इस पूरे मामले की शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया.
जिलाधिकारी सावन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया गड़बड़ी पाए जाने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीओ आनंद मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दे दिया है. बताया जा रहा है कि खाता 458 की जमीन सरकारी श्रेणी में दर्ज थी, लेकिन परिमार्जन के जरिए उसके स्वरूप में बदलाव कर दिया गया.
इस प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में हेरफेर के आरोप लगे हैं. मामले को लेकर कार्यपालक दंडाधिकारी के द्वारा सदर थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर केस नंबर 218/2026 दर्ज किया गया है. डीएम सावन कुमार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी. इस घटना के सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है.











