पैसों के विवाद में बड़े भाई ने छोटे की जान ली: कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, दोनों चलाते थे च्वाइस सेंटर

दुर्ग के इंदिरा नगर बघेरा में पैसों के लेनदेन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई देवेंद्र देवांगन है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई बघेरा इलाके में च्वाइस सेंटर चलाते थे। सेंटर से होने वाले पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।

सुबह विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 5 बजे दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश पर हमला कर दिया। हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही कैलाश की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। आरोपी देवेंद्र को पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस जुटा रही विवाद और हत्या से जुड़े सबूत

पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद की पूरी वजह पता करने में जुटी है। पैसों के लेनदेन को लेकर किस बात पर विवाद शुरू हुआ और घटना के समय दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

मामले में परिवार के सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किया गया है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल आरोपी बड़े भाई के खिलाफ हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com