डूंगरपुर: चलती कारों पर लट्ठ से हमला, बस कंडक्टर से मारपीट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार; 2 बाल अपचारी निरुद्ध

डूंगरपुर: जिले के आसपुर थाना क्षेत्र में चलती हुई दो कारों पर लट्ठ से वार कर शीशे तोड़ने व बस कंडक्टर के साथ मारपीट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. वहीं, मामले में दो बाल अपचारियो को निरुद्ध किया है तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है.
आसपुर थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि गुरुवार देर शाम के समय आसपुर मुख्य बाजार में अज्ञात बदमाशों द्वारा चलती हुई दो कारों पर लट्ठ से वार कर शीशे तोड़ दिए थे. वहीं, एक बस कंडक्टर पर लट्ठ से वार कर घायल कर दिया था. घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे लेकिन इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे. घटना को लेकर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की.
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला एवं वृत्ताधिकारी व्रत आसपुर प्रभुलाल कुमावत के निर्देशन में थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा आसपुर कस्बे में तकनीकी व मुखबीर तंत्र के आधार पर पूछताछ कर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी नगिन पुत्र राजू बंजारा तथा महेंद्र पुत्र नैना बंजारा निवासी खोती को गिरफ्तार किया.
वहीं, दो बाल अपचारियों को निरुद्ध करने में सफलता हासिल की. थानाधिकारी ने बताया कि गुरुवार शाम को आरोपी आसपुर से अपने गांव खोती की तरफ जा रहे थे इस दौरान रास्ते में आ रहे बस कंडक्टर से बिना बात के बहस पर लड़ाई झगड़ा हो गया. जिसके बाद आरोपी अपने परिवार के दो अन्य लड़कों के साथ बाइक पर सवार होकर बस कंडक्टर को रास्ते में रोककर लट्ठ से वार करने लगे, इस दौरान सामने से आ रही दो कारों के शीशों पर भी वार कर उसके कांच फोड़ कर फरार हो गए थे. पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com