दुर्ग पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 21 शराब तस्कर गिरफ्तार; नाबालिग से गांजा और स्कूटी जब्त

दुर्ग पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन विश्वास” के तहत 11 थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 21 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को 2.21 किलोग्राम गांजा और स्कूटी के साथ पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, 17 और 18 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नंदिनी नगर, उतई, जामगांव (आर), अमलेश्वर, जामुल, पद्मनाभपुर, नेवई, पुलगांव, दुर्ग, धमधा और सुपेला थाना क्षेत्रों के 18 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 590 पौवा अवैध शराब, 60 हजार 550 रुपये नकद तथा अपराध में इस्तेमाल की गई नौ दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

एक अन्य कार्रवाई में भिलाई नगर थाना पुलिस ने सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र के सामने घेराबंदी कर एक अपचारी बालक को गांजा बेचने की तैयारी करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 2.210 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी और नकदी बरामद की गई। जब्त गांजा, वाहन और नकदी सहित कुल सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति कर अधिक मुनाफा कमा रहे थे। वहीं गांजा मामले में पकड़ा गया अपचारी सार्वजनिक स्थान पर ग्राहकों की तलाश कर मादक पदार्थ बेचने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं गांजा मामले में अपचारी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com