जंगल से लौट रहे ग्रामीण पर तीन भालुओं का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

सूरजपुर जिले के बिहारपुर वन परिक्षेत्र में तीन भालुओं ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब ग्रामीण खेती के औजार बनवाकर दूसरे गांव से अपने घर लौट रहा था। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कछवारी निवासी 55 वर्षीय शिवरतन खेती के औजार बनवाने के लिए पड़ोसी गांव खोहिर गए थे। काम पूरा होने के बाद वे जंगल के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रेडिया नदी के पास अचानक तीन भालुओं ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के दौरान शिवरतन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह भालुओं के चंगुल से खुद को छुड़ाया और जंगल से बाहर निकलने में सफल रहे। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हो गई। विभाग ने मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को जंगल में अकेले नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वन विभाग के अनुसार, बिहारपुर वन क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में जंगल से लगे गांवों के लोगों को हमेशा सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।











