रायपुर में एक ही परिवार की 5 मौतों से सनसनी, मिठाई में जहर मिलाकर हत्या के बाद कारोबारी के आत्महत्या करने की आशंका

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव घर के अंदर मिले। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि कारोबारी ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में जहर दिया और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि फोरेंसिक और पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
जांच के दौरान सामने आया कि वारदात से एक रात पहले साजिद अली ने अपने बेटे इरशाद को देर रात फोन कर तुरंत घर बुलाया था। बताया जा रहा है कि उसने बेटे को डांटते हुए घर आने के लिए कहा और बाद में परिवार के साथ रसगुल्ले और पेड़े भी खिलाए। पुलिस को संदेह है कि इन्हीं मिठाइयों में जहरीला पदार्थ मिलाया गया हो सकता है। घटना के बाद परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।
शनिवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पांचों शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात सभी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से भोजन, मिठाई और विसरा के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे साजिद कुछ मिनट के लिए घर से बाहर निकला था। इसके बाद वह दोबारा घर के भीतर चला गया और फिर बाहर नहीं आया। पुलिस का अनुमान है कि परिवार के सदस्यों को जहर देने के बाद उसने स्वयं आत्महत्या कर ली।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले तक परिवार की दिनचर्या सामान्य थी। साजिद की पत्नी राबिया बानो दर्जी के यहां कपड़ों का नाप देने गई थीं और दोनों बेटियां भी पड़ोस में गई थीं। किसी भी सदस्य के व्यवहार में असामान्यता नहीं दिखी, लेकिन पुलिस के अनुसार साजिद पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
पुलिस कारोबारी की आर्थिक स्थिति और निजी जीवन की भी जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक वह बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था और पिछले कुछ महीनों से आर्थिक परेशानियों तथा कर्ज के दबाव में था। कुछ लोग उससे उधार की रकम मांगने भी घर आते थे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं उसका पैसा किसी निवेश, ऑनलाइन गतिविधि या अन्य विवाद में तो नहीं फंसा था।
घटनास्थल से फिनाइल का एक डिब्बा बरामद हुआ है, लेकिन कोई कीटनाशक या अन्य जहरीला पदार्थ नहीं मिला। घर में बनी आलू की सब्जी, चावल और बाजार से लाई गई मिठाइयों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।










