बालोद में सड़क पर घायल भालू दिखा, वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

बालोद जिले के घोठिया रोड पर एक घायल भालू सड़क पार करते हुए दिखाई दिया। भालू तीन पैरों के सहारे लंगड़ाते हुए जंगल की ओर चला गया। उसके एक पैर में चोट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने भालू की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे रानीमाई मंदिर के पास घोठिया रोड पर हुई। वहां से गुजर रहे एक स्कूल शिक्षक ने घायल भालू को देखा और अपने मोबाइल से उसका वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं। वीडियो में भालू घायल पैर को जमीन पर रखने से बचते हुए धीरे-धीरे जंगल की ओर जाता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के जंगलों में भालू की तलाश शुरू की। विभाग का उद्देश्य भालू का पता लगाकर उसकी स्थिति का आकलन करना और जरूरत पड़ने पर उपचार की व्यवस्था करना है।
बालोद वन परिक्षेत्र के रेंजर सरोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने भालू को ट्रैक करने का प्रयास किया, लेकिन वह जंगल के अंदर चला गया। उन्होंने बताया कि भालू के लंगड़ाने का कारण किसी सड़क दुर्घटना के अलावा पेड़ से गिरना या दौड़ते समय चोट लगना भी हो सकता है।
वन विभाग के अनुसार, प्राथमिक तौर पर भालू की चोट अत्यधिक गंभीर प्रतीत नहीं हो रही है और संभावना है कि वह कुछ दिनों में स्वयं स्वस्थ हो जाए। इसके बावजूद वन अमला लगातार उसकी निगरानी और तलाश में जुटा हुआ है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।










