पेंड्रा में छात्रा को घर ले जाने के आरोप में शिक्षक पर मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पेंड्रा की पुरानी बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी निर्धारित समय पर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसे स्कूल के शिक्षक अमित शर्मा मिले। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा से कहा कि वह उसे स्कूल छोड़ देंगे, लेकिन स्कूल ले जाने के बजाय उसे अपने घर ले गए।

शिकायत में बताया गया है कि छात्रा दोपहर करीब तीन बजे तक शिक्षक के घर पर रही। इस दौरान घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। छात्रा लगातार घर जाने की बात कहती रही, जिसके बाद शिक्षक ने उसे जाने दिया और कुछ दूरी तक उसके साथ भी गए।

घर पहुंचने के बाद छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन पेंड्रा थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक अमित शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि छात्रा के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com