बलौदाबाजार में आपातकालीन सेवाएं हुईं मजबूत: 15 नए डायल-112 वाहनों को मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

बलौदाबाजार जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 15 नए डायल-112 वाहनों को सेवा में शामिल किया गया। जिला मुख्यालय स्थित रक्षित केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही जिले में नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा की शुरुआत भी की गई।
12 थानों में तैनात किए जाएंगे वाहन
नई व्यवस्था के तहत जिले को 12 डायल-112 वाहन, हाईवे पेट्रोलिंग के लिए 2 वाहन और 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन मिली है। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह सेवा शुरू की गई है। सभी वाहन जिले के 12 थानों में तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
हाईटेक सुविधाओं से लैस हैं वाहन
इन अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन तकनीकों के जरिए घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार संभव हो सकेगा।
कई माध्यमों से मिलेगी मदद
नागरिक अब वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और एसओएस-112 इंडिया ऐप के जरिए भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। जीपीएस सिस्टम से लैस वाहनों को कंट्रोल रूम से संचालित किया जाएगा और सूचना मिलते ही सबसे नजदीकी डायल-112 वाहन को मौके पर रवाना किया जाएगा।











