बलिया में एनकाउंटर! 33 मुकदमों में फरार शातिर बदमाश रूदल नट गोली लगने के बाद गिरफ्तार

बलिया : नगरा जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. शनिवार की रात खरूआँव पोखरे के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त रूदल नट को गिरफ्तार किया गया है. जो 33 आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था. जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
07 फरवरी की रात थानाध्यक्ष नगरा संजय कुमार अपनी टीम (व.उ.नि. प्रभाकर शुक्ला व अन्य) के साथ वांछित वारंटियों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी पकवाइनार की तरफ से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने आ रहा है. पुलिस ने जब खरूआँव प्राचीन योगीबीर बाबा स्थान के पास उसे रोकने का प्रयास किया, तो बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी. पुलिस टीम ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रूदल नट के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने 1 अवैध तमंचा .315 बोर, 1 खोखा कारतूस व 1 जिंदा कारतूस, सफेद धातु (चांदी) का टुकड़ा (चोरी की शिवलिंग पर चढ़ा हिस्सा) बरामद किया है.
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने गैंग (गुड्डू, पतरू, टेंगर, कयामुद्दीन आदि) के साथ मिलकर बलिया के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय था. जिसमे सुखपुरा बुढ़वा मंदिर में 4/5 जनवरी 2026 को शिवलिंग, नाग और मां दुर्गा का नथिया चोरी किया था. अभियुक्त ने बताया कि उसने शिवलिंग को बिहार की एक नदी में फेंक दिया था. बंगला चट्टी (गड़वार) में 11 जनवरी को हाता से टुल्लू पंप की चोरी की किया था. ग्राम सवन विद्यालय में दिसंबर 2025 में कंपोजिट विद्यालय से इनवर्टर, बैटरी और गैस सिलेंडर चोरी किया था नगरा पुराना दुर्गा मंदिर में नवंबर 2025 में मंदिर का ताला तोड़कर मुकुट, नथिया और दान पेटी के पैसे चोरी किया था.
थानाध्यक्ष नगरा ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध BNS की विभिन्न धाराओं (109(1), 305, 331(4), 303(2), 317(2)) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अब गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है.
अभियुक्त के गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष संजय कुमार, व.उ.नि. प्रभाकर शुक्ला, हे.का. देवव्रत उपाध्याय, का. विकास वर्मा, का. रमेश चौहान व अन्य शामिल थे.











