BMW की सनरूफ से युवती का खतरनाक डांस, हाईवे पर स्टंटबाजी,पुलिस ने कार जब्त की

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार BMW कार में खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। चलती कार की सनरूफ खोलकर एक युवती डांस करती नजर आई, जबकि युवक हाईवे पर तेज रफ्तार में कार दौड़ा रहा था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
राहगीर ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र स्थित रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे का है। रविवार रात BMW कार में सवार युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने लगी। पीछे चल रहे किसी राहगीर ने इस खतरनाक स्टंट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल VIDEO के बाद हरकत में आई पुलिस
वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए BMW कार को जब्त कर लिया।
रिटायर्ड फॉरेस्ट ऑफिसर का बेटा निकला आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि कार चला रहा युवक प्रतीक लूथर (36) शुभम विहार का रहने वाला है। वह एक रिटायर्ड फॉरेस्ट ऑफिसर का बेटा बताया जा रहा है और ट्रेडिंग का काम करता है।
ट्रैफिक नियम तोड़ने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान प्रतीक लूथर ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की है।










