रघुनाथनगर CHC में महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म, क्षेत्र में खुशी का माहौल…

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक दुर्लभ और खुशी से भरा मामला सामने आया, जहां ग्राम पंचायत चकदेही निवासी एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया. इस असामान्य प्रसव की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई.
प्रसव पीड़ा होने पर परिजन महिला को रघुनाथ नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से सामान्य प्रसव कराया गया। महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया, जिससे परिवार और अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला.
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कृपा शंकर भगत ने बताया कि मां और दो नवजात बच्चों की हालत सामान्य है. वहीं एक नवजात का वजन कम होने के कारण एहतियातन उसे बेहतर इलाज और निगरानी के लिए वाड्राफनगर सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रसव के बाद महिला को विशेष निगरानी में रखा गया है और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम लगातार मां व नवजातों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सभी आवश्यक जांच और उपचार किए जा रहे हैं.
महिला के पति ने बताया कि उन्हें एक साथ तीन बच्चों के जन्म की कोई उम्मीद नहीं थी. यह उनके परिवार के लिए बेहद खुशी और आश्चर्य का क्षण है. उन्होंने सुरक्षित प्रसव के लिए डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ का आभार व्यक्त किया. तीन बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई.
ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का मामला दुर्लभ होने के कारण यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने आश्वासन दिया है कि मां और नवजात बच्चों को हर संभव चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. डॉक्टरों की टीम पूरी सतर्कता के साथ देखभाल में जुटी हुई है और सभी के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है.










