रायपुर में बदमाशों का आतंक, कॉलोनी में घुसकर युवक पर डंडे से हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से सामने आया है, जहां नशे में धुत कुछ युवकों ने कॉलोनी में जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने पहले गाली-गलौज और बहसबाजी की, फिर एक युवक पर डंडे से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
कॉलोनी में घुसकर मचाया उत्पात
जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ युवक नशे की हालत में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पहुंचे थे। इस दौरान उनका कॉलोनी के कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते बहसबाजी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में करीब 6 युवक आपस में बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक कार के पीछे से डंडा उठाता है और ब्लैक शर्ट पहने युवक की गर्दन पर हमला कर देता है। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घायल युवक को चोटें आई हैं। वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डीडी नगर थाना पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।











