यूपी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थियों में हुई मौत, कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला शव

उत्तर प्रदेश : बहराइच जिले के थाना क्षेत्र विशेश्वरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कंछर के मजरा हरदेव पुरवा में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. कमरे के अंदर विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतका की पहचान गुड़िया देवी (उम्र लगभग 25 वर्ष) पत्नी मनोज कुमार गोस्वामी के रूप में हुई है.परिजनों के मुताबिक गुड़िया देवी लंबे समय से बीमारी से परेशान चल रही थी.इसके साथ ही वर्ष 2016 में शादी होने के बावजूद अब तक संतान न होने से वह मानसिक तनाव में रहती थी.आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं कारणों से तंग आकर विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया.
घटना की सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू की. पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए.आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि मृतका का मायका ग्राम पचरन नाथ, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा में स्थित है.घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में भी शोक की लहर दौड़ गई. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.









