विधायक के प्रयासों से दो नवीन सड़कों का शुभारंभ, ग्रामीण विकास को मिली नई गति

बलरामपुर: क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के सतत प्रयासों से बलरामपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलने जा रही है. लोक निर्माण विभाग (भा./स.) संभाग रामानुजगंज अंतर्गत दो महत्वपूर्ण नवीन सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीण अंचलों में आवागमन के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी.
ग्राम पंचायत आसनडीह, मंडल रघुनाथनगर में आयोजित कार्यक्रम में आसनडीह से अटल चौक तक 10.50 किलोमीटर लंबे नवीन मार्ग का शुभारंभ विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते के करकमलों से किया गया. वहीं ग्राम पंचायत महेवा, मंडल वाड्रफनगर में महेवा से धनजरा तक 4.425 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ हुआ.
इस अवसर पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि दोनों सड़कें क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थीं.
उन्होंने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.“यह सड़कें केवल कंक्रीट और डामर का ढांचा नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
”कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने विधायक के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया. नई सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक आने-जाने में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
इससे ग्रामीण अंचलों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा. कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय नागरिकों ने विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है.









