भिलाई- कुम्हारी में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान: धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, कई संदिग्धों से पूछताछ

भिलाई तीन और कुम्हारी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, बिना नंबर प्लेट वाहनों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की गई। पुलिस ने इस दौरान एक युवक को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

अटल आवास में हुई सघन जांच

पुलिस टीम ने उम्दा अटल आवास और कुम्हारी क्षेत्र के करीब 320 अटल आवासों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों से पूछताछ कर उनके दस्तावेज भी जांचे।

धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान प्रगति नगर चरोदा निवासी शेख शहीद को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है।

60 पुलिसकर्मी अभियान में रहे शामिल

अभियान में भिलाई तीन, जामुल, वैशाली नगर, कुम्हारी थाना, एएनटीएफ, डीएसबी और एसीसीयू समेत करीब 60 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com