रूपनारायण सिन्हा को अंतिम विदाई: मुख्यमंत्री साय ने निवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, प्रशिक्षण अभियान स्थगित

योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके रायपुर स्थित कबीर नगर निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घड़ी में भगवान उनके परिवार को संबल प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को शांति दें।
बीजेपी का प्रशिक्षण महाअभियान स्थगित
रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद बीजेपी ने पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान को स्थगित कर दिया है। तिफरा के झूलेलाल मंगलम में आयोजित होने वाला दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम फिलहाल आगे के आदेश तक टाल दिया गया है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।











