गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: 228 बोरी धान जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया है.
उड़नदस्ता टीम ने मध्य प्रदेश से अवैध रूप से धान लेकर आ रहे दो पिकअप वाहनों को पकड़ा, जबकि एक अन्य कार्रवाई में तय सीमा से अधिक धान भंडारण के मामले में छापेमारी की गई. कुल मिलाकर जिले में 228 बोरी (लगभग 113 क्विंटल) धान जब्त किया गया है.
जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन अवैध परिवहन की सूचना पर प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ. उड़नदस्ता टीम ने लाटा से जोगीसार रोड पर करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद दो पिकअप वाहनों को रोका. जांच में पता चला कि दोनों वाहनों में बिना किसी वैध दस्तावेज के धान लदा हुआ था.
पहले पिकअप वाहन में 48 बोरी (30 क्विंटल) धान था, जिसकी कीमत लगभग 93 हजार रुपये आंकी गई. दूसरे वाहन में भी समान मात्रा में 48 बोरी (30 क्विंटल) धान लोड था, कीमत भी करीब 93 हजार रुपये. इस तरह दोनों वाहनों से कुल 96 बोरी धान जब्त किया गया, जिसका कुल मूल्य 1 लाख 86 हजार रुपये है. धान ग्राम लाटा, पेंड्रा क्षेत्र में बिना अनुमति के लाया जा रहा था.
प्रशासन ने दोनों वाहनों सहित धान को जब्त कर सुरक्षा के लिए रक्षित आरक्षी केंद्र अमरपुर, पेंड्रा की अभिरक्षा में सौंप दिया है.
इसी क्रम में तहसीलदार पेंड्रारोड शेषनारायण जायसवाल की टीम ने धोबहर स्थित अवधराम पाण्डेय के निवास पर छापा मारकर तय सीमा से अधिक 132 बोरी धान जब्त किया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.









