नवा रायपुर का पहला ईवी प्लांट बंद: पार्ट्स सप्लाई ठप होने से रुका उत्पादन, सैकड़ों युवाओं का रोजगार प्रभावित

नवा रायपुर स्थित प्रदेश का पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पिछले छह महीनों से बंद पड़ा है। प्लांट में इलेक्ट्रिक स्कूटर, ई-रिक्शा और ई-साइकिल का निर्माण किया जाता था, लेकिन जरूरी पार्ट्स की सप्लाई बंद होने के कारण उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। इससे प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण को बड़ा झटका लगा है।
हर महीने बन रहे थे 300 से ज्यादा ई-वाहन
नवा रायपुर सेक्टर-22 स्थित इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में यह प्लांट निजी कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था। यहां प्रतिदिन 10 से 20 इलेक्ट्रिक वाहन तैयार किए जाते थे। मासिक उत्पादन 300 से 400 वाहनों तक पहुंच गया था। इन वाहनों की सप्लाई छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश तक की जा रही थी।
प्लांट में करीब 150 से 200 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला हुआ था। प्लांट बंद होने के बाद कई कर्मचारी दूसरे राज्यों और कंपनियों में काम तलाशने चले गए हैं।
300 से ज्यादा पार्ट्स बाहर से आते थे
जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण में उपयोग होने वाले 300 से ज्यादा पार्ट्स दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों से मंगाए जाते थे। पिछले कुछ महीनों से इन पार्ट्स की सप्लाई प्रभावित हो गई, जिसके कारण उत्पादन रोकना पड़ा।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि राज्य में ही ई-वाहनों से जुड़े पुर्जों का निर्माण शुरू हो जाए तो भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है। प्रदेश सरकार भी इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है और विभिन्न विभागों को ई-वाहन खरीदने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
इलेक्ट्रॉनिक क्लस्टर में निवेश की बड़ी संभावना
प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक और बिजली उपकरण निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया गया है। करीब 28 हेक्टेयर क्षेत्र में बने इस क्लस्टर में उद्योगों को जमीन, किराए पर स्थान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
सीएसआईडीसी के अनुसार इस क्लस्टर में लगभग 2 हजार करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि ईवी प्लांट बंद होने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है और प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण को फिर से गति देने के प्रयास किए जाएंगे।











