कवर्धा: नेउरगांव पंचायत विवाद में नया मोड़, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार

कवर्धा जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नेउरगांव में महिला सरपंच से जुड़े विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। सोमवार को गांव के दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचे और महिला सरपंच व उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पूर्व सरपंच के कार्यों की राशि रोकने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान सरपंच द्वारा पूर्व सरपंच के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की भुगतान राशि नहीं दी जा रही है। गांव वालों के मुताबिक करीब 15 लाख रुपए के गबन का आरोप लगाकर पूर्व सरपंच और उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है।
मारपीट और गाली-गलौच का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला सरपंच और उनके पति राहुल चंद्राकार द्वारा गांव वालों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान स्थिति बिगड़ने पर गांव वालों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी का दावा
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच और उनके पति द्वारा बार-बार गांव वालों को एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी जाती है। इस संबंध में पहले भी शिकायत किए जाने की बात ग्रामीणों ने कही है।
एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग
पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











