दंतेवाड़ा के ‘डॉक्टर भैया-भाभी’ को पद्मश्री, आदिवासी इलाकों में 35 साल से दे रहे मुफ्त इलाज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के डॉक्टर दंपती डॉ. रामचंद्र त्रयम्बक गोडबोले और डॉ. सुनीता गोडबोले को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया है। दंतेवाड़ा और अबूझमाड़ के आदिवासी इलाकों में सेवा देने वाले इस दंपती को लोग प्यार से ‘डॉक्टर भैया-भाभी’ के नाम से जानते हैं।

डॉक्टर दंपती पिछले कई दशकों से दूर-दराज ग्रामीण और वनवासी क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। अब तक उन्होंने एक लाख से ज्यादा मरीजों का मुफ्त इलाज किया है। उनके समर्पण और मानव सेवा को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा है।

35 साल से आदिवासी इलाकों में दे रहे स्वास्थ्य सेवाएं

मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा निवासी डॉ. रामचंद्र गोडबोले और डॉ. सुनीता गोडबोले वर्ष 1990 में दंतेवाड़ा के बारसूर क्षेत्र में आकर बस गए थे। तब से वे दक्षिण बस्तर, बीजापुर और सुकमा के वनवासी समुदायों की सेवा में जुटे हुए हैं।

दोनों डॉक्टर MAAS योजना के तहत बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाने का काम भी कर रहे हैं। इसके अलावा दूरस्थ गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों का इलाज और लगातार स्वास्थ्य जांच करते हैं।

‘हर आदिवासी मेरे लिए भगवान’

डॉ. रामचंद्र गोडबोले, जिन्हें स्थानीय लोग ‘डॉक्टर भैया’ के नाम से पुकारते हैं, ने कहा कि उनके सामने बैठा हर आदिवासी उनके लिए भगवान के समान है। वहीं डॉ. सुनीता गोडबोले आदिवासी महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

दोनों डॉक्टर स्कूलों में बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा और संस्कार भी देते हैं। स्थानीय लोगों के बीच उनकी पहचान सिर्फ डॉक्टर के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसी बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए गर्व का पल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोडबोले दंपती को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा दिया गया यह सम्मान जनसेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिन्हें कला, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा, विज्ञान, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com