मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई, युवक पर 5 हजार का जुर्माना

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट चलाने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सड़क पर तेज और पटाखे जैसी आवाज करने वाले साइलेंसर को हटवाते हुए युवक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई रामानुजगंज थाना क्षेत्र में की गई। बुलेट बाइक चला रहे 19 वर्षीय ताहा अंसारी ने अपने वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखा था, जिससे तेज और असामान्य आवाज निकल रही थी। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी।

युवक ने अपनी बाइक का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी साझा किया था, जो वायरल हो गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद कार्रवाई की।

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(ए)(4) के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए मौके पर ही साइलेंसर हटवा दिया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई है।

बलरामपुर पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, बिना अनुमति वाहन में बदलाव न करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com