भाजपा विधायक से ठगी पर सियासी संग्राम, कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का बड़ा हमला

रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ हुई ठगी की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और सरकार का डर खत्म हो गया है।
“भाजपा राज में रसूखदारों से उगाही का खेल”
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं के साथ लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूट का शिकार हुए और अब भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ ठगी की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के पीए के नाम पर ठगी होना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में संगठित तरीके से उगाही का खेल चल रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा के प्रभावशाली विधायक और आयकर सलाहकार तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है
“अपराधियों के हौसले बुलंद”
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराधियों को प्रशासन का डर नहीं रह गया है, जिसके कारण ठगी, लूट और धोखाधड़ी जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से अपराध नियंत्रण को लेकर जवाब मांगा।
रामभद्राचार्य टिप्पणी पर बढ़ी सियासत
इधर, कथावाचक रामभद्राचार्य और धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के बयान पर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने महंत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस कथावाचकों पर टिप्पणी कर रही है, जो उचित नहीं है।
“देशहित में बात करें” – पुरंदर मिश्रा
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि डॉ. चरणदास महंत को कांग्रेस की राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में सोचने की जरूरत है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि धार्मिक संतों और कथावाचकों को राजनीति में घसीटना ठीक नहीं है।
कांग्रेस का पलटवार, “महंत को सीख न दें भाजपा नेता”
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस ने भी तीखा जवाब दिया। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा से सलाह लेने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. चरणदास महंत ने जो कहा, वह सही है।











