सरकारी नौकरी का झांसा देकर नाबालिग से गैंगरेप, दुर्ग में रिटायर्ड PWD कर्मचारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में PWD के एक रिटायर्ड कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। अब तक कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि 3 अन्य आरोपी की तलाश जारी है। फरार आरोपियों में हाईप्रोफाइल लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

मामला महिला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अवस्था में शुरू हुआ रेप का सिलसिला बालिग होने तक जारी रहा। 6 आरोपियों ने PWD में नौकरी लगाने का झांसा देकर 8 साल तक लगातार संबंध बनाया। लेकिन पीड़िता की नौकरी नहीं लगी, जिसके बाद उसने रिपोर्ट दर्ज कराई।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, पीड़िता 30 जनवरी को अपनी मां के साथ महिला थाना दुर्ग पहुंची थी। उसने लिखित आवेदन देकर बताया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच 6 लोगों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ रेप और गैंगरेप किया गया।

आरोपियों ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया और फिर लगातार उसका शोषण किया। आरोप है कि लंबे समय तक चले इस अपराध से वह मानसिक और शारीरिक रूप से प्रभावित रही।

14 साल की उम्र में पहली बार रेप

शिकायत के अनुसार, नाबालिग के साथ पहली बार 14 साल की उम्र में रेप हुआ था। इसके बाद यह सिलसिला लगातार चलता रहा। आरोपियों ने नौकरी दिलाने का लालच देकर एक के बाद एक पीड़िता के साथ रेप किया।

कई बार गैंगरेप की वारदात को भी अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6, 12 के तहत केस दर्ज किया।

रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी भी गिरफ्त में

जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें विजय स्वाइन (37), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम, भिलाई और अनिल चौधरी (60), निवासी जोन वन, खुर्शीपार शामिल हैं।

रविवार को तीसरे आरोपी गोविंद सिंह नागवंशी (62), निवासी चौकड़िया पारा, वार्ड क्रमांक 35, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार किया गया। गोविंद सिंह रिटायर्ड शासकीय कर्मचारी बताया जा रहा है।

हाईप्रोफाइल आरोपी अब भी फरार

मामले में कई रसूखदार लोगों के शामिल होने बात सामने आ रही है। नेताओं के करीबी और प्रभावशाली लोग भी संदेह के घेरे में बताए जा रहे हैं। इसमें कुछ सरकारी कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।

फरार आरोपियों में बड़े नाम शामिल हैं, जो अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जबकि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एएसपी बोले- सभी आरोपियों की होगी गिरफ्तारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि महिला थाना क्षेत्र में पीड़िता अपनी मां के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची थी। आवेदन मिलते ही जांच शुरू की गई। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com