बुर्का पहनकर हाईवे पर लूट! सोनभद्र में महिला वेशधारी झपट्टामार गिरोह का पर्दाफाश

सोनभद्र : उत्तर प्रदेश की चोपन थाना पुलिस और डाला चौकी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक ऐसे अनोखे ‘झपट्टामार गिरोह’ का पर्दाफाश किया है जो महिला का वेश धारण कर हाईवे पर लूटपाट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि तेलगुड़वा चौराहे के पास शौचालय के बगल में जंगल में कुछ अपराधी लूट की योजना बना रहे हैं.चोपन पुलिस और डाला चौकी की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया.तलाशी के दौरान उनके पास से 18 मोबाइल फोन, नकदी, महिला वेश के कपड़े (लेडीज सूट), बुर्का और श्रृंगार का सामान बरामद हुआ.
लूट का अनोखा तरीका: बुर्का और वेशभूषा का खेल
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए.उन्होंने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना सोनू (जो अभी फरार है) के साथ मिलकर वे लोग लड़कियों और महिलाओं का वेश धारण करते थे.रात के समय या सुनसान रास्तों पर वे ट्रक और पिकअप चालकों को हाथ देकर रुकवाते थे.जैसे ही चालक रुकता, गिरोह के अन्य सदस्य झाड़ियों से निकलकर हमला कर देते और मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो जाते थे.कई बार वे चालकों को डरा-धमका कर जंगल में ले जाते और वहां लूटपाट करते थे.

इनकी हुई गिरफ्तारी और ये हैं गिरफ्तार अभियुक्त: अटल घसिया (25 वर्ष, रॉबर्ट्सगंज), रोहित विश्वकर्मा (26 वर्ष, गाजीपुर) और धनंजय सिंह उर्फ तूफान सिंह (18 वर्ष, कोन)। फरार अभियुक्त: सोनू (मुख्य सरगना), शिवकुमार, विकास यादव, कृष्णा सिंह और पिंटू घसिया.
गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
बीते 22 तारीख को संतोष प्रजापति नामक पिकअप चालक से हुई लूट की घटना के बाद पुलिस इस गिरोह की तलाश में थी.एसपी ने बताया कि फरार पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं.सभी अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी.साथ ही, इनके पुराने जमानतदारों की भी पहचान की जा रही है ताकि उनके खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा जा सके.अन्य जनपदों से भी इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.









