कुसमी CHC के NRC का एसडीएम ने किया निरीक्षण, गंभीर अनियमितताएं उजागर; नोटिस जारी

सीधी: वनांचल क्षेत्र कुसमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए संचालित न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (NRC) का एसडीएम विकास कुमार आनंद ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एनआरसी की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और व्यापक अनियमितताएं सामने आईं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं.

निरीक्षण के समय एनआरसी में कुल 6 कुपोषित बच्चे भर्ती पाए गए. एसडीएम ने पाया कि केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है. बच्चों के इलाज और देखभाल में अपेक्षित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. निरीक्षण में यह भी सामने आया कि 12 दिन तक भर्ती रहने के बावजूद बच्चों के वजन या कुपोषण की स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कुपोषण दूर करने के लिए कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं.

एसडीएम ने बच्चों के दैनिक फॉलोअप रिकॉर्ड की भी जांच की, जिसमें चौंकाने वाली गड़बड़ी सामने आई. केस डायरी में 26 दिसंबर की तारीख होने के बावजूद 29 दिसंबर तक का फॉलोअप पहले से ही दर्ज पाया गया. भविष्य की तारीखों का फॉलोअप दर्ज होना रिकॉर्ड की विश्वसनीयता और उपचार प्रक्रिया दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

निरीक्षण के बाद एसडीएम विकास कुमार आनंद ने एनआरसी की इंचार्ज एएनएम सरोज कोरी और इंचार्ज मेडिकल ऑफिसर डॉ. सृष्टि कुशवाहा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) से भी पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है.

एसडीएम के निरीक्षण के बाद एनआरसी की व्यवस्थाओं की पोल खुलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कुपोषित बच्चों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com