दुर्ग में सामूहिक मौत से सनसनी, एक ही घर में मिले पति-पत्नी और दो बच्चों के शव

दुर्ग शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार के चार लोगों के शव घर के अंदर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

अलग-अलग कमरों में मिले शव

पुलिस के मुताबिक जब घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया गया, तब चारों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपति ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पूरे मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।

आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव की आशंका

प्रारंभिक पूछताछ में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार पिछले कुछ समय से तनाव में था। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों के चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया हो सकता है।हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के पीछे की वजहों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com