शंकराचार्य अस्पताल विवाद: कार्रवाई की मांग करने पहुंचे क्रांति सेना कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, चौकी में जमकर हंगामा

भिलाई में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज से जुड़े विवाद ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्मृति नगर चौकी पहुंचे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों और पुलिस के बीच जमकर बहस हो गई। मामले में पुलिस ने संगठन के पदाधिकारी चेतन चंदेल समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी की, पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
चौकी परिसर में हुई तीखी नारेबाजी
जानकारी के अनुसार, क्रांति सेना के कार्यकर्ता डॉक्टर अनुराग चंद्राकर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार शाम स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवेदन देने और कुछ समय तक इंतजार करने की बात कही, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे।इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बहस का वीडियो
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है।बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद सुपेला थाना प्रभारी ने भी समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने।सी दौरान सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी थाना परिसर में एक अन्य मामले की चर्चा कर रहे थे। शोर-शराबा सुनकर वे बाहर आए और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
विवाद बढ़ने पर पुलिस ने परिसर से हटाया
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चौकी परिसर से बाहर किया। इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया।
डॉक्टर अनुराग चंद्राकर पर भी दर्ज हुआ मामला
दूसरी ओर, भूपेंद्र साहू नामक युवक ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि डॉक्टर अनुराग चंद्राकर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और कार में स्क्रैच लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज व मारपीट की।











