पंजाब में हालात सामान्य, लेकिन तेल और डीएपी की सप्लाई बढ़ाने की मांग

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और डीएपी खाद की निर्बाध और बढ़ी हुई आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में फिलहाल किसी भी आवश्यक वस्तु की कमी नहीं है, लेकिन आगामी गेहूं कटाई सीजन को देखते हुए तेल की पर्याप्त उपलब्धता बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल पंजाब में करीब 140 लाख मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन का अनुमान है। ऐसे में फसल की कटाई और ढुलाई के लिए पेट्रोल-डीजल की लगातार आपूर्ति जरूरी है, ताकि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा पर कोई असर न पड़े।

प्रधानमंत्री के साथ हुई वर्चुअल बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़े सभी अहम मुद्दे उठाए गए हैं और केंद्र से कूटनीतिक स्तर पर जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया गया है, जिससे देश में किसी भी तरह की कमी न हो।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि राज्य में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 12 से 14 दिनों का पेट्रोल-डीजल और लगभग 6 दिनों का एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर भी पर्याप्त भंडार सुरक्षित है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में लॉकडाउन जैसी कोई स्थिति नहीं है और सभी गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। एलपीजी की सप्लाई भी नियमित रूप से जारी है और अधिकांश मांगों को समय पर पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से डीएपी खाद की प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, क्योंकि राज्य में धान की बुवाई 1 जून से शुरू होनी है। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी रीफिल की प्रतीक्षा अवधि कम करने का सुझाव भी दिया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि पंजाब देश की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर गेहूं और धान उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com