रीवा में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद पिता-पुत्री की नहर में डूबने से मौत, गांव में मातम

रीवा: जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. महैया गांव के पास दो बाइकों की सीधी भिड़ंत के बाद पिता-पुत्री नहर में जा गिरे, जिससे दोनों की मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, महैया गांव के निवासी गणेश दत्त चतुर्वेदी गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी दो बेटियों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान केवटी कैनाल (नहर) के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश दत्त और उनकी बड़ी बेटी उछलकर सीधे गहरी नहर में जा गिरे, जबकि छोटी बेटी सड़क पर गिरकर घायल हो गई.

गुरुवार की देर शाम हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया. बड़ी बेटी को तत्काल नहर से बाहर निकालकर संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया. पिता गणेश दत्त का शव देर रात तक नहीं मिल सका था, जो आज शुक्रवार सुबह NDRF और स्थानीय पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पिता का शव भी नहर से बरामद कर लिया.

इस सड़क दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक और गणेश दत्त की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि तीनों का उपचार रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में जारी है, जहाँ उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.

गोविंदगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना के बाद से महैया गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और एक ही परिवार के दो सदस्यों के चले जाने से ग्रामीण स्तब्ध हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com