सुल्तानपुर: भाजपा नेता से पेट्रोल पंप पर अराजकतत्वों ने किया दुर्व्यवहार, एसपी से की शिकायत 

सुल्तानपुर: भाजपा नेता प्रदीप मिश्रा सरकार ने सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दुर्व्यवहार, धमकी और पीछा करने की शिकायत की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि 8 फरवरी की रात को एक पेट्रोल पंप पर कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ यह घटना की. प्रदीप मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि वे अपने एक बीमार रिश्तेदार के बच्चे को देखने के लिए लखनऊ जा रहे थे.

8 फरवरी की रात करीब 11 बजे वे अपने गांव बिजुरी महमूदपुर, सुलतानपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ के लिए निकले थे।गाड़ी में ईंधन कम होने के कारण वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 63 पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर रुके। जब उनकी गाड़ी में ईंधन भरा जा रहा था, तभी एक सफेद रंग की सफारी (गाड़ी नंबर UP. 50.CR.0009) वहां आई. उसमें चार से पांच लोग सवार थे, जिन्होंने उतरते ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट की धमकी दी। कुछ ही देर में 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिससे मिश्रा, उनके ड्राइवर और सरकारी गनर को राहत मिली. इसके बाद वे लखनऊ के लिए आगे बढ़ गए.

हालांकि, कुछ ही किलोमीटर आगे बढ़ने पर वही सफारी गाड़ी फिर से बहुत तेजी से ओवरटेक करते हुए आई. गाड़ी बार-बार साइड मारती रही और आगे-पीछे करके उन्हें परेशान करती रही. मिश्रा को उन लोगों का इरादा ठीक नहीं लगा. उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मी के माध्यम से दोबारा 112 पुलिस सहायता के लिए संपर्क किया.

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा पर किलोमीटर संख्या 09.05 पर उन्हें पुलिस सहायता मिली, जहां उन्होंने सारी घटना से अवगत कराया. शिकायतकर्ता प्रदीप मिश्रा सरकार एमएसएमई पीसीआई के चेयरमैन हैं और उन्होंने इस घटना में किसी बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक से मामले की गहनता से जांच कराने का अनुरोध किया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com