धमतरी में दर्दनाक हादसा: आग बुझाने जा रही फायर ब्रिगेड टकराई, चालक की मौके पर मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आग बुझाने के लिए रवाना हुआ अग्निशमन वाहन दुगली थाना क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में फायर ब्रिगेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

गट्टासिल्ली मोड़ के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, नगरी से फायर ब्रिगेड की टीम बागतराई क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान गट्टासिल्ली मोड़ के पास अग्निशमन वाहन सड़क किनारे खड़े एक तूफान वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

चालक की मौके पर मौत

हादसे में अग्निशमन वाहन चला रहे नगरी निवासी फलेंद्र साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन में मौजूद कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घटना के बाद मौके पर जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com