फतेहपुर : फौजी ढाबा के पास दर्दनाक हादसा, बाइक के उड़े परखच्चे, युवक की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश : फतेहपुर जनपद के धाता विकास खंड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.हादसा भदौहा मोड़ स्थित फौजी ढाबा के पास रक्षपालपुर से कुछ दूरी पर धाता रोड पर करीब छह बजे हुआ.
जानकारी के अनुसार अढ़ौली, धाता निवासी अतुल कुमार (22) पुत्र राम नरेश और पचमई, खखरेरू निवासी सौरभ कुमार (24) पुत्र राम आसरे एक ही मोटरसाइकिल पैशन (संख्या यूपी 71 आर 0140) से अढ़ौली की ओर जा रहे थे.जैसे ही वे भदौहा मोड़ के समीप फौजी ढाबा के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया.वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अतुल कुमार के दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई.प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.साथ ही ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है.लोगों ने भदौहा मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है.











