Transfer News-सरकार ने बढ़ाई तबादला आदेश अपलोडिंग की तारीख, हज़ारों कर्मचारियों को मिलेगी राहत

छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने वर्ष 2025 के लिए स्थानांतरण नीति के अंतर्गत तबादला आदेशों को वेबसाइट पर अपलोड करने की तिथि को आगे बढ़ा दिया है।

पहले यह सीमा 25 जून तय की गई थी, जिसे अब 30 जून 2025 तक बढ़ा दिया गया है। इस फैसले से उन कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा जिनके तबादला आदेश समय पर जारी नहीं हो सके थे या जिनकी अपलोडिंग प्रक्रिया लंबित थी।

Transfer News/सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को इस संबंध में पत्र जारी करते हुए बताया है कि स्थानांतरण प्रतिबंध में दी गई छूट अब 30 जून तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के भीतर जिला स्तर पर किए गए सभी तबादलों की जानकारी संबंधित विभागों और जिलों की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। हालांकि स्थानांतरण नीति की अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।

नीति के अनुसार, स्थानांतरण के लिए कर्मचारी की न्यूनतम दो वर्ष की सेवा आवश्यक होगी। गंभीर बीमारी, मानसिक या शारीरिक अक्षमता और सेवानिवृत्ति से पूर्व एक वर्ष शेष होने वाले कर्मचारियों को विशेष सुविधा दी जाएगी। अनुसूचित क्षेत्रों से स्थानांतरण के लिए एवजीदार की अनिवार्यता जारी रहेगी, साथ ही सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जैसे अति संवेदनशील जिलों में रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों के स्थानांतरण केवल उनके संवर्ग की कुल संख्या के अधिकतम 10 प्रतिशत तक और चतुर्थ श्रेणी में अधिकतम 15 प्रतिशत तक ही किए जा सकेंगे। परीविक्षाधीन अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण इस अवधि में नहीं होगा।

राज्य सरकार ने पारदर्शिता और प्रशासनिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए पति-पत्नी को एक ही स्थान पर पदस्थापित करने की नीति को प्राथमिकता दी है। सभी स्थानांतरण आदेश ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से जारी किए जाएंगे। साथ ही जिला स्तर पर स्थानांतरण आदेशों को जारी करने के साथ उसी दिन सामान्य प्रशासन विभाग को ईमेल द्वारा भेजना अनिवार्य होगा।

जिला स्तर के स्थानांतरण संबंधित प्रभारी मंत्री की स्वीकृति से होंगे, जबकि राज्य स्तर पर संबंधित विभागीय मंत्री की मंजूरी आवश्यक होगी। यह निर्णय न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाएगा, बल्कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखकर बेहतर कार्यस्थल सुनिश्चित करेगा।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com