फोन पर करता था परेशान, फिर घर पहुंचकर की छेड़छाड़… रायगढ़ में आरोपी जेल भेजा गया

रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला घर में अकेली थी, तभी उसका पुराना परिचित युवक घर पहुंच गया और गलत नीयत से छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शादी से पहले होती थी बातचीत

जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2020 में सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी से पहले ग्राम महलोई निवासी लंबोदर भोय से उसकी बातचीत होती थी। शादी के बाद महिला ने आरोपी से संपर्क खत्म कर उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।

अलग-अलग नंबरों से करता था परेशान

महिला ने शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ साल बाद आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल कर उसे परेशान करने लगा। कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और नए नंबरों से संपर्क करता रहा।

घर पहुंचकर की छेड़छाड़

बताया जा रहा है कि 18 मई की शाम महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी लंबोदर भोय उसके घर पहुंच गया और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने विरोध करते हुए जोर-जोर से शोर मचाया।महिला की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और उनकी सलाह पर महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 74 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पुलिस ने तमनार क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी लंबोदर भोय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com