उत्तर प्रदेश: पाकिस्तानी जासूस इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल को पुलिस ने भेजा पाकिस्तान, खबर में जानिए पूरा मामला

सहारनपुर: करीब 17 साल तक जेल में सजा काट चुके पाकिस्तानी नागरिक इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल को सोमवार को सहारनपुर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पाकिस्तान के लिए रवाना कर दिया है.
बता दें पाकिस्तान बॉर्डर भेजे जाने से पहले इकबाल भट्टी का मेडिकल परीक्षण सहारनपुर जिला अस्पताल में कराया गया. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे विशेष पुलिस टीम की निगरानी में पाकिस्तान की सीमा के लिए रवाना किया गया. सुरक्षा कारणों को देखते हुए पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय रखी गई. पुलिस टीम में अनुभवी अधिकारी और जवान शामिल रहे, जबकि रास्ते भर निगरानी और एस्कॉर्ट की सख्त व्यवस्था की गई है. मेडिकल के बाद रवाना किए जाने के दौरान इकबाल भट्टी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया.
देवराज सहगल की गिरफ्तारी वर्ष 2008 में पंजाब के पटियाला से हुई थी
उसने दावा किया कि उसे गलत तरीके से फंसाया गया है और उसने कभी किसी तरह की जासूसी गतिविधि नहीं की. इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल की गिरफ्तारी वर्ष 2008 में पंजाब के पटियाला से हुई थी. उस समय वह फर्जी पहचान के सहारे भारत में रह रहा था. जांच में सामने आया था कि वह खुद को देवराज सहगल बताकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के हकीकत नगर इलाके में रह रहा था और सामान्य नागरिक की तरह जीवन व्यतीत कर रहा था, और पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था. इसी दौरान उसने अपनी पहचान छिपाकर स्थानीय स्तर पर संपर्क भी बना लिए थे.
इकबाल भट्टी करीब 17 साल तक जेल में रहा
इकबाल भट्टी के खिलाफ जासूसी और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में अदालत ने उसे 12 वर्ष की सजा सुनाई थी. बाद में अन्य मामलों की कानूनी प्रक्रिया और न्यायिक निरुद्ध अवधि को जोड़ते हुए वह कुल मिलाकर करीब 17 साल तक जेल में रहा. सजा पूरी होने के बाद उसकी रिहाई और पाकिस्तान वापसी को लेकर केंद्र व राज्य स्तर पर औपचारिक प्रक्रिया चल रही थी, जो अब पूरी हो गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इकबाल भट्टी को लेकर टीम सीमा की ओर रवाना हो चुकी है, जहां संबंधित एजेंसियों के समन्वय से आगे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर उसे आधिकारिक रूप से पाकिस्तान भेजा जाएगा.









