बलिया में आपसी विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; आरोपी की तलाश में पुलिस की 3 टीमें तैनात…

बलिया: जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ आपसी विवाद के चलते एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुँचा.
09 फरवरी की रात हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम भरसौता में गोली चलने की सूचना पीआरबी (PRB) के माध्यम से प्राप्त हुई. घायल युवक की पहचान आयुष सिंह (पुत्र अभिमन्यु सिंह) के रूप में हुई है. प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह घटना आपसी विवाद का नतीजा है.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के जरिए घायल आयुष को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया. प्राथमिक उपचार के बाद, युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर, BHU (वाराणसी) रेफर कर दिया है.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव न फैले, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए 03 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है. वर्तमान में मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है.











