आरंग में पूर्व सरपंच से मारपीट मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार

आरंग। आरंग थाना क्षेत्र में पूर्व सरपंच और सतनामी समाज के सदस्य के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें बुधवार को रायपुर एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर की गई थी मारपीट
जानकारी के मुताबिक, 14-15 मई की रात ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे पर कथित गौ सेवकों ने मवेशी तस्करी का आरोप लगाया था। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
सतनामी समाज में भारी आक्रोश
घटना के विरोध में 16 मई को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा, डीएसपी लंबोदर पटेल सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था।समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों पर कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
जनाक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरंग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल और एसीसीयू की टीम की भी मदद ली गई।
रायपुर एयरपोर्ट से दबोचे गए आरोपी
डीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी इनपुट्स के आधार पर रायपुर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को हिरासत में लिया गया।











