बिलासपुर कोर्ट में दो वकीलों के बीच मारपीट, एक-दूसरे पर लगाए आरोप; काउंटर FIR दर्ज

बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को दो वकीलों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे जिला कोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और दोनों एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे।

कोर्ट परिसर में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वकीलों को थाने ले गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में सामने आया था और प्रशासन की कार्रवाई के तहत उन्हें जिला बदर किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों अधिवक्ताओं के बीच पहले से रंजिश की जानकारी मिली है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और घटना में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी पड़ताल की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close