दिनदहाड़े महिला से चेन स्नेचिंग, रेस्टहाउस के सामने बाइक सवारों ने उड़ाई चेन

रायपुर जिले के खरोरा इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। बुधवार 16 सितंबर को रेस्टहाउस के सामने किराना दुकान के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया। महिला अपने परिजनों के साथ निजी काम से बाजार आई थी और काम पूरा करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान ब्रेकर के पास बाइक सवार बदमाश महिला के करीब पहुंचे और अचानक उसके गले से मंगलसूत्र और सोने का हार झपट लिया। महिला और उसके परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी बालोद बाजार की ओर भागे थे। इसके बाद बुडेरा चौक के आगे वे किस रास्ते से फरार हुए, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और बाइक का नंबर पता करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाश वारदात से पहले महिला का पीछा कर रहे थे या नहीं। आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।











