CGPSC 2025: 608 कैंडिडेट्स का इंटरव्यू टला, 20 सितंबर से होना था दस्तावेज सत्यापन

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 के 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया फिलहाल टाल दी गई है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के मुताबिक, 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक होने वाला दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं होगा। आयोग ने तारीखें स्थगित करने की वजह नहीं बताई है। नई तारीख बाद में जारी की जाएगी।
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती होनी है। मुख्य परीक्षा के रिजल्ट के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया था।
दरअसल, मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद चयन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल उठाया था कि 265 पदों के लिए 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना जाना चाहिए था, जबकि सिर्फ 608 अभ्यर्थी चयनित हुए।
इस पर आयोग ने सफाई दी थी कि चयन में किसी तकनीकी या मानवीय गलती की वजह से कमी नहीं हुई है। आयोग के मुताबिक, कई अभ्यर्थी प्रत्येक प्रश्नपत्र में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर सके, इसलिए 1:3 के अनुपात में चयन नहीं हो पाया।
अब इंटरव्यू स्थगित होने के बाद 608 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार है। आयोग ने कहा है कि दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू का नया शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नई तारीख और आगे की प्रक्रिया के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।











