यूपी के 3 जिलों में इंस्पेक्टर समेत 13 दरोगा सस्पेंड, आईजी की बड़ी कार्रवाई

श्रावस्ती: यूपी में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की विवेचना में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई है. देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने एक इंस्पेक्टर और 12 दरोगा को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई है.

आईजी अमित पाठक ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामलों की जांच में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं. आरोप था कि बीमा कंपनियों को आर्थिक लाभ पहुंचाने और कुछ मामलों में उन्हें नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से विवेचना में जानबूझकर अनियमितता की गई. जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में विवेचकों ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को ही बदल दिया था, जो एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है.

शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. एसआईटी की विस्तृत जांच रिपोर्ट में कई पुलिसकर्मी दोषी पाए गए. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आईजी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए.

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में गोंडा जिले के दो, श्रावस्ती जिले के दो और बहराइच जिले के नौ विवेचक शामिल हैं. कुल 13 पुलिसकर्मियों में 12 उपनिरीक्षक और एक निरीक्षक शामिल हैं. सभी पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

आईजी अमित पाठक ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता और ईमानदारी सर्वोपरि है. विवेचना में लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सतर्क रहने का संदेश गया है. प्रशासनिक स्तर पर इसे पुलिस सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com