गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगी यूपी की 14 लखपति दीदी, महिला सशक्तिकरण की मिसाल

उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदी इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। ये महिलाएं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं और आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए जा रहे लखपति दीदी अभियान से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आगे बढ़ीं ये 14 महिलाएं नारी शक्ति, आत्मनिर्भर भारत और समृद्ध उत्तर प्रदेश की तस्वीर प्रस्तुत करेंगी। ये सभी महिलाएं लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं और कार्यक्रम के दौरान अन्य राज्यों से आई लखपति दीदियों के साथ अनुभव साझा करेंगी।
इन महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की है। किसी ने ई-रिक्शा संचालन शुरू किया, तो किसी ने पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, कैफे, मसाला निर्माण, उन्नत कृषि, ब्यूटी पार्लर, जन सुविधा केंद्र, गो-आधारित उत्पाद और प्रेरणा कैंटीन जैसे कार्यों से अपनी पहचान बनाई है। इन प्रयासों से न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार और आत्मविश्वास मिला है।
ग्रामीण क्षेत्रों में इन लखपति दीदियों की सफलता ने यह साबित किया है कि आत्मनिर्भर महिलाएं ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होती हैं। आज ये महिलाएं गांव-गांव में बदलाव की मिसाल बनकर उभर रही हैं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई राह दिखा रही हैं।











