भिलाई में साई ट्रेडर्स से 2.25 लाख रुपए की चोरी, सीसीटीवी बंद होने से चोरों की पहचान नहीं हो सकी

भिलाई। रिसाली नगर निगम क्षेत्र के मैत्री नगर स्थित साई ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों ने रविवार–सोमवार की रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पाइप और सेनेटरी की दुकान का शटर तोड़कर करीब 2 लाख 25 हजार रुपए कैश लेकर फरार हो गए।

घटना का विवरण
दुकान संचालक उमाकांत यादव ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे उन्होंने दुकान बंद कर दी थी। रात लगभग 2:20 बजे चौकीदार बहादुर उर्फ जगदीश शर्मा ने उन्हें घर पर जगाकर शटर खुला होने की सूचना दी। दुकान पर पहुंचने पर शटर टूटा हुआ पाया गया।

कैश लॉकर से चुराए गए बंडल
जांच में पता चला कि कैश काउंटर के एक लॉकर से 500 रुपए के चार बंडल और दूसरे लॉकर से 10 और 20 रुपए के सिक्के व 50, 100, 500 रुपए के नोट सहित करीब 25 हजार रुपए चोरी हो गए।

सीसीटीवी और सुरक्षा की लापरवाही
घटना के समय दुकान का सीसीटीवी बंद था। फुटेज में कर्मचारी निखिल लकड़ा कैमरे का बटन बंद करता नजर आया। आसपास के बैंकों और फाइनेंस कंपनियों के सीसीटीवी भी बंद मिले। कई जगह सुरक्षा गार्ड तक मौजूद नहीं थे।

पुलिस जांच और व्यापारियों की चिंता
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शटर तोड़ने के तरीके, सीसीटीवी बंद होने और आंतरिक जानकारी के इस्तेमाल जैसी पहलुओं पर जांच कर रही है। इलाके में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में डर और आक्रोश है। उन्होंने रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com