30 एकड़ में अवैध कटाई से उजड़ी हरियाली, 144 से अधिक पेड़ उखाड़े गए

भानुप्रतापपुर क्षेत्र के सिवनी में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है, जहां लगभग 30 एकड़ जमीन पर 144 से अधिक पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि एक उद्योगपति द्वारा सोलर प्लांट स्थापित करने की तैयारी के नाम पर बिना अनुमति जेसीबी मशीनों का उपयोग कर हरे-भरे क्षेत्र को पूरी तरह समतल कर दिया गया।
घटना के दौरान स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। मामला तब उजागर हुआ जब उजाड़ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इसके बाद वन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों के ठूंठों की गिनती कर पंचनामा तैयार किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस अवैध कटाई की जानकारी संबंधित पटवारी और वनकर्मियों को पहले ही दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि इतने बड़े स्तर पर पेड़ों की कटाई बिना अधिकारियों की मिलीभगत के संभव नहीं है।
प्रारंभिक जांच में 144 बड़े पेड़ों के उखाड़े जाने की पुष्टि हुई है, जबकि सैकड़ों छोटे पौधों के भी नष्ट होने की आशंका है। कई पेड़ों को काटकर हटाए जाने की भी बात सामने आ रही है, जिसकी जांच जारी है।
अब इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिकी हुई हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि छोटे मामलों में सख्ती दिखाने वाला प्रशासन इस बड़े मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर किस प्रकार की कार्रवाई होती है, यह देखना बाकी है।











