शिक्षा में पारदर्शिता की कमी! UGC ने 18 राज्यों की 54 प्राइवेट यूनिवर्सिटी को भेजा नोटिस, छत्तीसगढ़ की 3 शामिल

Cg news ।उच्च शिक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने बड़ा और कड़ा कदम उठाया है।
आयोग ने देशभर के 18 राज्यों की 54 प्राइवेट यूनिवर्सिटीज़ को नोटिस जारी किया है। इन संस्थानों पर ‘सेल्फ पब्लिक डिसक्लोजर’ दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप है, जो जून 2024 से लागू हैं।
जिन 54 यूनिवर्सिटी को UGC ने नोटिस भेजा है, उनमें छत्तीसगढ़ की भी तीन प्रमुख यूनिवर्सिटी शामिल हैं।आंजनेय यूनिवर्सिटी, रायपुर।देव संस्कृति विश्वविद्यालय, दुर्ग। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, बिलासपुर
UGC के दिशानिर्देशों के तहत, सभी विश्वविद्यालयों को अपनी वेबसाइट पर कुछ महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक करना अनिवार्य है। कोर्स, फैकल्टी सदस्यों, इन्फ्रास्ट्रक्चर, रिसर्च गतिविधियों, छात्र संख्या और वित्तीय जानकारी जैसी डिटेल्स वेबसाइट पर उपलब्ध होनी चाहिए।यह सारी जानकारी यूनिवर्सिटी के होमपेज से आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए।
किसी भी यूज़र को यह जानकारी देखने के लिए लॉगिन या रजिस्ट्रेशन की ज़रूरत नहीं होनी चाहिए।
UGC ने साफ किया है कि इन यूनिवर्सिटीज़ ने न तो आयोग को धारा 13 के तहत निर्धारित जानकारी दी, और न ही इसे अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक किया। आयोग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि गैर-अनुपालन जारी रहा, तो संस्थानों के ख़िलाफ़ नियामकीय जाँच और प्रतिबंध जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे।
UGC का मानना है कि छात्रों, अभिभावकों और अन्य हितधारकों को विश्वविद्यालय की पूरी जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे वे बेहतर निर्णय ले सकें और संस्थानों की जवाबदेही तय हो सके। आयोग ने इन संस्थानों को कई बार पत्र, ईमेल और ऑनलाइन मीटिंग्स के ज़रिए चेतावनी दी थी, जिसके बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।










