भाभी पर टांगी से हमला, इलाज के दौरान मौत:पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा, पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने आई थी महिला

सरगुजा जिले के विशुनपुर खुर्द में गुरुवार को पति-पत्नी को विवाद करते देख बीच-बचाव करने पहुंची भाभी पर देवर ने टांगी से हमला कर दिया। सिर पर टांगी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम विशुनपुर खुर्द अंतर्गत गोरसी डबरा निवासी गोपी यादव गुरुवार की सुबह अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। दोनों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। पड़ोस में रहने वाली गोपी यादव की भाभी सोनमतिया यादव पति तीरथ यादव मौके पर बीच-बचाव करने के लिए पहुंची। उसने दोनों को अलग करने की कोशिश की।
देवर ने किया टांगी से हमला, मौत बीच-बचाव करने पहुंची सोनमतिया पर देवर गोपी यादव ने टांगी से हमला कर दिया। सोनमतिया के सिर पर गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर गई। उसे परिजनों ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना पर गांधीनगर पुलिस ने गोपी यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद आरोपी गोपी यादव फरार था।
घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा पुलिस आरोपी गोपी यादव की खोजबीन कर रही थी। इस दौरान उसके बिशुनपुर खुर्द में सामुदायिक भवन के पास होने की सूचना मिली तो गांधीनगर टीआई प्रदीप जायसवाल की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल टांगी भी जब्त कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।










