रायगढ़ में कबाड़ी गोदाम में भीषण आग, हीरो शोरूम तक पहुंची लपटें… नेशनल हाईवे पर मचा हड़कंप

रायगढ़ जिले के छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

आसपास के शोरूम और दुकानें कराई गईं खाली

बताया जा रहा है कि जिस कबाड़ी गोदाम में आग लगी, उसके ठीक बगल में हीरो मोटरसाइकिल का शोरूम स्थित है। आग लगातार फैलती देख प्रशासन ने एहतियातन आसपास के कई शोरूम और दुकानों को तुरंत खाली कराया। मौके पर मौजूद लोग भी अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन शुरुआती प्रयास नाकाम साबित हुए।

निगम की फायर ब्रिगेड भी पड़ी कम

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि निगम की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी कम पड़ गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NTPC लारा और जिंदल स्टील एंड पावर से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीमों को बुलाया गया।

नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम

रायगढ़-रायपुर मार्ग स्थित इस नेशनल हाईवे पर आग लगने के बाद भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस बल तैनात कर लोगों को मौके से दूर किया जा रहा है ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

हीरो शोरूम तक पहुंची आग, बाइकें हटाने की मशक्कत

कबाड़ी गोदाम में लगी आग की लपटें बगल में स्थित हीरो होंडा शोरूम तक पहुंच गईं। खतरे को देखते हुए शोरूम के अंदर रखी नई बाइकों को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है। आग बुझाने में जुटी टीम ने शोरूम खाली कराने के लिए अतिरिक्त मदद भी मांगी है।

लाखों का सामान जलकर खाक

अब तक कबाड़ी गोदाम में रखा लाखों रुपए का कबाड़ और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com