रायपुर में अवैध शराब पर सख्त हुए सांसद, अधिकारियों से बोले- बड़े लोगों पर भी करो कार्रवाई

रायपुर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अवैध शराब बिक्री को लेकर सख्त नजर आए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सांसद ने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि जब आम लोगों को पता है कि कहां अवैध शराब बिक रही है, तो पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है। उन्होंने अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंच से अधिकारियों को लगाई फटकार

नगर निगम जोन-5 अश्विनी नगर में आयोजित शिविर के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, यदि वह अवैध शराब कारोबार में शामिल है तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि अवैध शराब बिक्री पर रोक लग सके। सांसद ने मंच से यह भी कहा कि कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर महापौर मीनल चौबे समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

इन इलाकों में अवैध शराब बिक्री का आरोप

सांसद ने भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां खुलेआम अवैध शराब बिक रही है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को मिलकर काम करना होगा। साथ ही अधिकारियों को नियमित कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

पहले भी अधिकारियों पर नाराजगी जता चुके हैं सांसद

इससे पहले भी सुशासन तिहार के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों पर नाराजगी जता चुके हैं। आरंग के समोदा नगर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार को भी फटकार लगाई थी।

उस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जनता की समस्याओं का समाधान समय पर होना चाहिए। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com